जीरकपुर। चंडीगढ़ एयरफोर्स में शेफ के पद पर तैनात बाबू राम ने राज्य स्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता है। उन्हें बचपन से शूटिंग का शौक था, लेकिन पैसों की कमी के चलते उन्हें उनकी मंजिल नहीं मिल पाई। किसी ने सही कहा है, जहां चाह है, वहीं राह है। बचपन के अधूरे शौक को बाबू राम ने नौकरी में आने के बाद पूरा किया। महज आठ महीने के खेल करियर में बाबू राम 10 गोल्ड मेडल के साथ ही अनगिनत सिल्वर व ब्रांज मेडल हासिल कर चुके हैं।
बाबू राम ने अभी हाल ही में 23 से 25 अगस्त तक चंडीगढ़ सेक्टर 25 स्थित पटियाला की राव शूटिंग रेंज में आयोजित 44वीं राज्य स्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप के एनआरआर सीनियर मेन कैटेगरी के इवेंट 10 मीटर एयर पिस्टल में 400 में 382 अंक हासिल कर गोल्ड और .32 सेंटर फायर टीम इवेंट में 100 में 89 अंक लेकर ब्रांज मेडल जीता।
जीरकपुर की प्रीत कॉलोनी में रहने वाले 41 वर्षीय बाबू राम ने बताया कि इस चैंपियनशिप में कुल 282 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। वह मूल रूप से यूूपी के मेरठ जिला के निवासी हैं। वह बलटाना के ओलंपियो शूटिंग स्क्वायर के कोच जसविंदर सिंह से कोचिंग ले रहे हैं। अब वह देश के लिए ओलंपिक में पदक लाना चाहते हैं।
खेल उपलब्धियों पर एक नजर
7 अप्रैल को राजस्थान के हनुमानगढ़ में आयोजित अल्फा शूटिंग चैंपियनशिप में दो गोल्ड मेडल।
28 अप्रैल बलटाना के ओलंपियो शूटिंग स्क्वायर चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल और ट्राफी समेत 1100 रुपये नकद इनाम मिला था।
30 अप्रैल को मोहाली में आयोजित सेकेंड ट्राइसिटी इंटर अकादमी शूटिंग चैंपियनशिप में 100 में 100 अंक लेकर शूटिंग चैंपियन ऑफ चैंपियन बनने पर गोल्ड मेडल और ट्राफी मिली।
9 जून में चंडीगढ़ में आयोजित द शूटर्स कैफे फोर्थ ट्राइसिटी शूटिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल।
6 जुलाई में जालंधर में आयोजित 5वीं क्लोनाइज शार्प शूटर ओपन शूटिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल।
14 जुलाई में मोहाली के सेक्टर-78 में आयोजित फर्स्ट गोल्डन ट्रिगर के सीनियर मेन कैटेगरी में गोल्ड मेडल।