जीरकपुर। चंडीगढ़ में बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई करने वाली युवती से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर ढकोली पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज कर पंचकूला के सेक्टर-14 थाने को भेज दी है। आरोप है कि युवकों ने कभी शादी का झांसा देकर तो कभी नशीला जूस पिलाकर दुष्कर्म किया। मामले की पुष्टि ढकोली पुलिस थाना प्रभारी सिमरजीत सिंह ने की।
पीड़ित युवती ने बताया कि वह चंडीगढ़ में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। वह पंचकूला सेक्टर-15 स्थित चर्च में प्रार्थना करने के लिए जाती थी। वहां उसकी दो महिलाओं से दोस्ती हो गई, जिन्होंने उसका नंबर व्हाट्सएप ग्रुप में शामिल कर दिया। ग्रुप में मौजूद रवि निवासी सेक्टर-12-ए पंचकूला ने उसका नंबर वहां से लेकर बात करनी शुरू कर दी। एक दिन रवि ने बताया कि उसकी मां अमेरिका में रहती है, जिनके भारत आने के बाद वह उसके साथ शादी कर लेगा। रवि की बातों में आकर उसने मिलना-जुलना शुरू कर दिया और जब कभी वह उसके घर जाती तो रवि मर्जी के बिना शारीरिक संबंध बनाता था। बार-बार जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने की हरकतों से तंग आकर उसने रवि के यहां जाना बंद कर दिया। इस पर रवि ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया लेकिन उसने बात नहीं मानी।
शारीरिक संबंध बनाने के लिए होटल में रखा कार्यक्रम
पीड़ित युवती ने बताया कि उसके बार-बार मना करने के बावजूद रवि हरकतों से बाज नहीं आया। उसने शारीरिक संबंध बनाने के लिए दोस्त दीपक की मदद से चर्च से संबंधित एक कार्यक्रम होटल में रखवाया। इसमें शामिल होने के लिए वह पहुंची तो कार्यक्रम के बाद रवि ने होटल में ही अलग से कमरा बुक करके जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद उसके दोस्त दीपक ने इंस्टाग्राम के जरिए बातचीत करनी शुरू कर दी और बताया कि रवि का एक अन्य लड़की से संबंध है। इस संबंध में बताने के लिए दीपक ने मनीमाजरा के एक होटल में बुलाया। वहां दीपक ने जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया। इसके बाद बेहोशी की हालत में दुष्कर्म किया। दीपक की करतूत उसने रवि को बताई तो उसने उसे ही गलत करार देते हुए चुप करवा दिया। इसके बाद दोनों आरोपी कोई न कोई बहाना बनाकर होटल में बुलाकर दुष्कर्म करने लगे। उनकी हरकतों से परेशान होकर मामले की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी।
गर्भनिरोधक गोलियां खिलाने की कोशिश की
पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया कि रवि और दीपक द्वारा बार-बार शारीरिक संबंध बनाने के बाद गर्भवती होने का डर सताने लगा। इसके लिए रवि ने गर्भनिरोधक गोलियां तक खिलाने की कोशिश की लेकिन उसने खाने से मना कर दिया। इसके बाद उसे एक होटल में बुलाया, वहां प्रेग्नेंसी किट की मदद से जांच की तो रिपोर्ट निगेटिव आई। यह सुन रवि ने फिर से शारीरिक संबंध बनाए।