जीरकपुर। तीन अक्तूबर को नगर परिषद में हुई अविश्वास प्रस्ताव की बैठक से पहले कांग्रेस पार्षदों को किडनैप करने के प्रयास का आरोप कांग्रेस नेता उदय वीर ढिल्लों ने लगाया है। उनका कहना है कि प्रधान पद को लेकर हुई वोटिंग से पहले विधायक कुलजीत सिंह रंधावा का बेटा, पार्षद हरजीत सिंह मिंटा समेत अन्य दो पार्षदों ने उन पर जबरदस्ती अपने पक्ष में वोट डालने के लिए दबाव बनाया। रविवार को हुई एक प्रेसवार्ता में आरोप लगाकर महिला पार्षद रेनू नेहरू और शिवानी गोयल ने बताया के दबाव बनाने के लिए उनके घर पर पुलिस और गुंडे भेजे गए थे। इन लोगों से डरकर वे कुछ दिनों के लिए रुड़की स्थित एक होटल में अपने-अपने परिवार सहित चले गए थे। तीन अक्तूबर से पहले ही उनके फोन ट्रेस कर हलका विधायक का बेटा, हरजीत सिंह मिंटा, सिंघपुरा से पार्षद के पति जसविंदर सिंह और करीब 20 लोग उनका पीछा करते हथियारों समेत रुड़की उनके होटल में पहुंच गए थे। उन पर हलका विधायक से बात करने के दबाव बनाने की कोशिश की गई। होटल स्टॉफ ने किसी भी व्यक्ति को उनके रूम तक नहीं आने दिया। वे होटल के रिसेप्शन पर बैठकर उनको डराते और धमकाते रहे। इसके बाद वे करीब चार-पांच बजे अपनी जान बचाकर होटल के पिछले दरवाजे से खेत के रास्ते जंगल में निकल गए। प्रेसवार्ता के दौरान पार्षद रेनू नेहरू और शिवानी गोयल ने बताया कि वहां मौजूद विधायक के बेटे और हरजीत मिंटा ने उन्हें किडनैप कर ढिल्लों के खिलाफ वोट डालने का दबाव बनाने की हर असंभव कोशिश की। उन्होंने कहा कि वे इतना डर गए थे कि उन्होंने उसी समय एक वीडियो सोशल मीडिया पर डालकर अपना वोट उदय वीर ढिल्लों को दे दिया था। प्रेसवार्ता के दौरान उदयवीर ढिल्लों ने कहा मीटिंग के दौरान बागी दल अविश्वास मत को पूरा नही कर पाया। होटल में की गुंडागर्दी की सीसीटीवी फुटेज उनके पास मौजूद है। इसको वे जल्द अदालत और मीडिया में पेश करेंगे। इस दौरान उन्होंने कहा कि विरोधियों ने उनके पार्षदों के फोन ट्रेस कर उनका पीछा करने, उनको डराने धमकाने व पर्चे दर्ज करने की नाकाम कोशिश करके देख ली है। कांग्रेस के सभी पार्षद उनके साथ हैं। आने वाले समय में अदालत उनके पक्ष में फैसला देगी तो वह शहर के विकास को फिर शुरू कर देंगे।
यह अफवाह फैलाई जा रही है
मेरा बेटा स्टूडेंट है। वह लाॅ की पढ़ाई कर रहा है। उसका राजनीती से कोई लेना-देना नहीं है। हम विकास कार्य में लगे हैं, हमारे पास किसी का पीछा करने का समय ही नहीं है। यह अफवाह फैलाई जा रही है। आजकल सबकी फोन डिटेल निकल जाती है। वह भी निकलवा सकते हैं। हाईकोर्ट का जो आदेश होगा वह स्वीकार होगा। - कुलजीत सिंह रंधावा, हलका विधायक
लगाए आरोप बेबुनियाद हैं
मुझे पर लगे सारे आरोपी झूठे व बेबुनियाद है। उनके पास कोई सबूत है तो वह मीडिया के सामने पेश करें। मेरी गाड़ी का नंबर सब को पता है इस लिए वह मेरी गाड़ी का नंबर बता रहे हैं। बाकी जो लोग हम पर इल्जाम लगा रहे हैं वह खुद अपने आप को देख लें, रेनू नेहरू के पति के बारे में सबको पता है वह अपने वार्ड में लोगों से कैसे पैसे लेता है। आम जनता से पैसे जबरन वसूल रहा है। सबको पता है, दूसरी पार्षद शिवानी गोयल की वीडियो रेहड़ी वाले से पैसे मांगते की वायरल हुई थी, तो यह लोग खुद गलत है जो दूसरे पर इलाज लगा रहे हैं। ऐसे लोग राजनीती पर कलंक है। - हरजीत सिंह मिंटा, वार्ड 14 पार्षद बीजेपी