तकनीक के दौर में अपराधी भी हाईटेक हो गए हैं। वे सिस्टम के फॉल्ट ढूंढ़कर नए स्टाइल में चोरी कर रहे हैं। ऐसा ही मामला यूको बैंक में आया है। शातिर चोर एटीएम हैंग करके नोट निकाल लेता था।
बैंक प्रबंधकों को इसकी भनक तक नहीं लगी। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज देखी तो लगा कि कोई जानबूझ कर एटीएम खराब करने की कोशिश कर रहा है।
बैंक अधिकारियों ने पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया तो हाईटेक चोरी का खुलासा हुआ।
एसएसपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यूको बैंक नया गांव के प्रबंधकों ने पुलिस को शिकायत दी थी। उन्होंने डड्डू माजरा निवासी राजीव कुमार पर बैंक का एटीएम खराब करने का आरोप लगाया था।
पुलिस ने केस दर्ज कर उसे रिमांड पर लिया तो होश उड़ गए। आरोपी ने बताया कि बारिश या ठंड के मौसम में यूको बैंक का सर्वर डाउन हो जाता था। वह इसी का फायदा उठाता था।
वह एटीएम को हैंग करने के लिए कार्ड की जगह खास तरह का कागज डालता था। उसके बाद कोई कार्ड डालकर 1500 रुपये तक निकाल लेता था। आरोपी राजीव कुमार ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि वह पांच-छह बार में 8200 रुपये एटीएम से निकाल चुका है।
पुलिस जांच कर रही है कि इस वारदात में और कितने लोग शामिल हैं।