जीरकपुर। वीआईपी रोड के केसरी प्लाजा मार्केट में बीती रात एक मामूली झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया। स्कॉर्पियो सवार तीन युवकों ने एक डिलिवरी बॉय से बहस के बाद राइफल निकाल ली, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद हमलावर मौके भाग गए। यह घटना देर रात करीब साढ़े 12 बजे हुई। डिलिवरी बॉय अपने ऑर्डर का इंतजार कर रहा था, तभी स्कॉर्पियो चालक ने उसे रास्ते से मोटरसाइकिल हटाने को कहा। डिलिवरी बॉय ने मोटरसाइकिल अपना न होने की बात कही, जिसके बाद बहस शुरू हो गई। बहस जल्द ही मारपीट में बदल गई, जिसमें एक-दूसरे पर हाथ और कुर्सियां चलाई गईं। इसके बाद स्कॉर्पियो चालक घर जाकर राइफल ले आया। उसके परिवार की महिलाओं और दोस्तों ने उसे रोकने की कोशिश की और राइफल छीन ली। दुकानदारों ने सोमवार रात ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
जांच अधिकारी सतिंदर सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। एक हमलावर चंडीगढ़ और दूसरा जींद का निवासी बताया जा रहा है। ये युवक वीआईपी रोड पर किराए पर रहते थे। सभी हमलावर फिलहाल भागे हुए हैं। पुलिस उनकी तलाश में छापा मार रही है। सीसीटीवी भी अपने कब्जे में ले ली है।