ड्रग बेचने पर सख्त कार्रवाई करने की दी चेतावनी, एसोसिएशन ने दिया सहयोग का आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। ड्रग इंस्पेक्टर जयजयकार सिंह ने वीरवार को जीरकपुर के अंबाला रोड पर पांच केमिस्ट दुकानों की अचानक जांच की। यह कार्रवाई पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम का हिस्सा है। जांच के दौरान किसी भी दुकान से कोई अवैध ड्रग बरामद नहीं हुआ।
ड्रग इंस्पेक्टर ने सभी केमिस्टों से प्रतिबंधित ड्रग न बेचने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। केमिस्ट एसोसिएशन ने भी इस जांच में पूरा सहयोग किया। एसोसिएशन के प्रधान पुनीत कुमार ने सभी दुकानदारों से टीम को सहयोग करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उनकी संस्था का कोई सदस्य नशा बेचते पकड़ा जाता है, तो उसे संस्था से बाहर कर दिया जाएगा। एसोसिएशन पंजाब सरकार के इस अभियान का पूर्ण समर्थन करती है। ड्रग इंस्पेक्टर जयजयकार सिंह ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। यह अभियान सरकार और विभाग द्वारा चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रविवार को भी अंबाला रोड पर चार-पांच दुकानों की जांच की गई थी। यदि कोई व्यक्ति अवैध ड्रग बेचते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।