आर्ट एंड क्राफ्ट टीचर्स का ऐलान
- फोटो : demo pic
वर्षों से भर्ती नहीं होने से परेशान आर्ट एंड क्रॉफ्ट अध्यापकों ने ऐलान किया हैं कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गई तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे। कई सालों से पद खाली पड़े हैं। इस संबंध में शिक्षा मंत्री डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने जल्द कार्रवाई शुरू करने का आश्वासन दिया था, लेकिन वह भी ठंडे बस्ते में चला गया। अभी तक भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। यूनियन ने चेतावनी दी है यदि विभाग ने जल्द अन्य विषय के पदों की तरह आर्ट एवं क्रॉफ्ट टीचरों की पोस्ट नहीं निकाली तो सरकारी स्कूलों में सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। बेरोजगार अध्यापकों ने अन्य विषयों के अध्यापकों की भर्ती के साथ ही ड्राइंग अध्यापकों की भर्ती करने के संबंध में विज्ञापन जारी करने की मांग की।
बेरोजगार आर्ट एंड क्रॉफ्ट यूनियन के पदाधिकारी संतोख सिंह, रणजीत सिंह, तरुण कुमार, रणधीर सिंह, जगदीप सिंह, शहबाज, हरमिंदर सिंह और जसप्रीत सिंह ने कहा कि शिक्षा विभाग ड्राइंग अध्यापकों की अनदेखी कर रहा है। संतोख सिंह और रणधीर सिंह सहित अन्य ने बताया कि पंजाब के सरकारी स्कूलों में ड्राइंग अध्यापकों के हजारों पद खाली हैं।
उन्होंने बताया कि कुछ वर्ष पहले ड्राइंग अध्यापकों की भर्ती के लिए सरकार ने विज्ञापन निकाला था। लेकिन, उनकी भर्ती अभी तक नहीं की गई है। संतोख सिंह ने कहा कि इस संबंध में फरवरी महीने में शिक्षा मंत्री को मांग पत्र देकर ड्राइंग अध्यापकों की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी करने की मांग की थी। इस पर शिक्षा मंत्री डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने जल्द ही उनकी पोस्ट निकाले के संबंध में विज्ञापन जारी करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद भी कई महीने बीत गए, लेकिन विज्ञापन नहीं जारी हुआ। यूनियन नेताओं ने कहा कि यदि जल्द आर्ट एंड क्रॉफ्ट अध्यापकों के संबंध में विज्ञापन जारी नहीं किया गया तो वह संघर्ष के लिए मजबूर होंगे।