मोहाली। कोरोना संक्रमण की तेज रफ्तार को देखते हुए जिले में मरीजों के इलाज के लिए कोविड केयर सेंटर बनाने का काम शुरू हो गया है। सिविल अस्पताल को जहां कोविड केयर सेंटर बना दिया गया है, वहीं सेना भी कोरोना मरीजों के उपचार के लिए अस्पताल तैयार करने में जुट गई है। इसके अलावा सरकारी कॉलेज में भी 550 बैड का अस्थायी कोविड केयर सेंटर बनाने की तैयारी चल रही है।
सेना द्वारा अस्पताल बनाए जाने की घोषणा के बाद बुधवार को सैन्य अधिकारी मेडिकल कॉलेज की इमारत का जायजा लेने पहुंचे। संभावना जताई जा रही है कि कोरोना मरीजों का उपचार करने के लिए सेना द्वारा तैयार किया जाने वाला अस्पताल मोहाली के मेडिकल कॉलेज की इमारत में बनाया जा सकता है। उधर, राज्य सेहत विभाग कोविड केयर सेंटर बनाने के लिए सरकारी कॉलेज के ग्राउंड का इस्तेमाल करेगा। सेहत विभाग की 9 अधिकारियों वाली टीम बुधवार सुबह करीब साढे़ 10 बजे सरकारी कॉलेज पहुंची। इस टीम ने कॉलेज की इमारत व ग्राउंड का निरीक्षण किया।