मोहाली। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर दो अलग-अलग मामलों में कुल 6.200 किलो हेरोइन बरामद की है। एक मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे मामले में पांच किलो हेरोइन खेत से बरामद हुई है। इस मामले में फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है। एएनटीएफ के सब इंस्पेक्टर बलजिंदर सिंह के बयान पर दर्ज केस के मुताबिक, पुलिस ने चार सितंबर को गुप्त सूचना के आधार पर परमजीत सिंह उर्फ पम्मा निवासी गांव डनहोए खुर्द, थाना घरिंडा अमृतसर और उसके साथी हरप्रीत को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक किलो 200 ग्राम हेरोइन बरामद की।
जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर बलजिंदर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी एक्टिवा पर हेरोइन की सप्लाई देने के लिए आए थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों को हेरोइन समेत काबू कर लिया। इस संबंध में थाना एएनटीएफ मोहाली में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21(सी), 23, 25 और 29 के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी के अनुसार गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया था। रिमांड खत्म होने के बाद उन्हें दोबारा अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।