मोहाली। शहर के सेक्टर-114 में अंसल सोसायटी में बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर निवासियों का धरना तीसरे दिन रविवार को भी जारी रहा। इस दौरान पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री बलबीर सिंह भी पहुंचे, उन्होंने धरने को पूरा समर्थन देते हुए आश्वासन दिया कि वह उनके साथ खड़े हैं। तब तब उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती, वह उनके साथ चलेंगे और जरूरत पड़ी तो वह आर्थिक मदद के लिए भी तैयार हैं। वह उनकी मांगें गमाडा और उच्च अधिकारियों तक पहुंचाएंगे। इस अवसर पर सोसायटी के अध्यक्ष भूपिंदर सिंह सैनी, जनरल सचिव अचिन गाबा और अन्य ने बताया कि वे कई साल से बुनियादी सुविधाएं न होने से परेशानी झेलते आ रहे हैं। लेकिन कंपनी को इससे कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। प्रॉपर्टी बेचने के बाद कंपनी अपनी जिम्मेदारी भूल गई है। मेंटेनेंस चार्ज तो लिया जाता है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर कुछ भी नहीं दिया जा रहा है। अगर वे सोसायटी में मरम्मत कार्य नहीं कर पा रहे हैं तो उस कंपनी को हटाकर आरडब्ल्यूए को इसका जिम्मा सौंप दें या फिर समस्या का समाधान करें। जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक वह अपने हक के लिए प्रदर्शन इसी तरह जारी रखेंगे। इस मौके पर निवासियों में निहाल सिंह सैनी, संयुक्त सचिव गुरमीत सिंह और संगठनात्मक सचिव हरदीप सिंह और बड़ी संख्या में सोसायटी निवासी मौजूद रहे।