मोहाली। फेज-11 के एलआईजी और एमआईजी क्षेत्र में पानी की कमी और दबाव कम रहने की समस्या को देखते हुए नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। नगर निगम इलाके में पानी की समस्या को हल के लिए फेज-11 में नौ लाख लीटर क्षमता वाला अंडरग्राउंड वॉटर टैंक बनाने जा रहा है। इस पर करीब 99.67 लाख रुपये की लागत आएगी। इसके लिए निगम ने वर्क आर्डर भी जारी कर दिया है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो आने वाले दिनों में इस पर काम भी शुरू कर दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार फेज-11 में मकान नंबर-1380 के साथ लगते इलाके में पानी की आपूर्ति करने वाला पंपिंग स्टेशन काफी दूरी पर स्थित है, इससे पानी का दबाव कम रहता है और गर्मियों में लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ता है। लोगों की हर साल यही मांग रहती है कि पानी की आपूर्ति पूरी दबाव पर मिले। इसके बाद जल सप्लाई और सैनिटेशन विभाग, मंडल नंबर-2 ने इलाके में नौ लाख लीटर क्षमता वाला अंडरग्राउंड वाटर टैंक बनाने के लिए प्रस्ताव नगर निगम को दिया था। इसके बाद नगर निगम की एफएंडसीसी की हुई मीटिंग में प्रस्ताव को पास कर वर्क आर्डर जारी कर दिया है। इस यूजीएसआर के निर्माण के बाद गर्मियों के मौसम में इस क्षेत्र के लोगों को पानी के दबाव और आपूर्ति से संबंधित समस्या से राहत मिलेगी। इस काम के लिए नगर निगम द्वारा 99.67 फंड जारी कर जल सप्लाई और सैनिटेशन विभाग को भेजा जाएगा। जिसके बाद विभाग इस पर काम शुरू करवाएगा।
गांव सोहाना में बनेंगे दो अंडरग्राउंड वाटर टैंक
गांव सोहाना में लोगों को बेहतर जलापूर्ति उपलब्ध कराने के लिए जल सप्लाई एवं सैनिटेशन विभाग द्वारा दो अंडरग्राउंड आरसीसी वॉटर टैंकों के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। दोनों टैंकों की संयुक्त अनुमानित लागत 48.69 लाख तय की गई है। इनके बन जाने से गर्मियों में पानी की कमी और दबाव की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी। गांव में लंबे समय से पानी के दबाव और सप्लाई की समस्या बनी हुई है। इन दोनों टैंकों के निर्माण से गर्मियों के मौसम में पानी की किल्लत काफी हद तक खत्म हो जाएगी और लोगों को लगातार जलापूर्ति मिल सकेगी। गांव सोहाना को नहरी पानी देने की मंजूरी दी गई है। इससे गांव में स्वच्छ पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित होगी और गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत से राहत मिलेगी।