जीरकपुर। रॉयल एस्टेट सोसाइटी में रविवार सुबह 78 वर्षीय पुष्पिंदर सिंह तुलसी की सातवीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई है। वे टावर नंबर-21 के फ्लैट नंबर-505 के निवासी थे। बीबीएमबी (भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड) से सुपरिटेंडेंट इंजीनियर पद से सेवानिवृत्त थे। वे इन दिनों चंडीगढ़ के एक ओल्ड एज होम में रह रहे थे। उनकी पत्नी का कुछ समय पहले निधन हो चुका था। हाल ही में उनका बेटा नवदीप सिंह ऑस्ट्रेलिया से भारत लौटा है, जो एक होटल में रुका है।
पुष्पिंदर सिंह बेटे से यह कहकर घर से निकले कि फ्लैट में प्लंबर से संबंधित काम करवाने जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे रॉयल एस्टेट सोसाइटी पहुंचे और सातवीं मंजिल तक गए। इसी दौरान वहां से उनके गिरने की घटना हुई। सामने स्थित टावर नंबर-11 की बालकनी में मौजूद रजनी नामक महिला ने उन्हें गिरते देखा और शोर मचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डेराबस्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए डेराबस्सी अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया है। जांच अधिकारी जसवंत सिंह का कहना है कि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सोसाइटी के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।