मोहाली। शहर में रविवार को गोपाष्टमी पूरी श्रद्घा और उत्साह से मनाई गई। इस मौके पर मुख्य समागम इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित गोशाला में आयोजित किया गया। इस अवसर पर गौ ग्रास सेवा समिति की ओर से सभी सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के सहयोग से दुर्घटनाग्रस्त एवं बीमार जानवरों की मदद के लिए तैयार की गई एंबुलेंस सेवा का शुभारंभ निगम कमिश्नर डॉ. कमल कुमार गर्ग ने किया। इतना ही नहीं इस दौरान एक मोबाइल नंबर भी जारी किया गया, जिस पर कॉल करने पर लावारिस पशुओं की मदद के लिए एंबुलेंस पहुंच जाएगी। कमिश्नर ने समिति और संस्था हरियावल पंजाब मोहाली की ओर से गौ सेवा एवं पर्यावरण की रक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने पर्यावरण को बचाने के लिए पेड़ लगाने, पॉलिथीन का इस्तेमाल न करने और ईकोव्रिकस बनाने का आह्वान किया। इस समागम में अखिल भारतीय सह गौ कथा प्रशिक्षण प्रमुख एवं गौ सेवा संयोजक पंजाब चन्द्रकांत विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने गोपाष्टमी के विशेष पर्व का महत्व बताते हुए भगवान श्री कृष्ण जी की भांति समर्पित एवं निष्काम भाव से गौ माता की सेवा करने के लिए कहा। पंडित इन्द्रमणि त्रिपाठी की ओर से पूर्ण विधि-विधान से हवन-यज्ञ एवं गौ माता पूजन करवाकर उपस्थित सभी गौ भक्तों को आजीवन गौ सेवा का संकल्प दिलवाया ।
फोन नंबर 73802-73902 पर करें कॉल
समिति के अध्यक्ष शीशपाल गर्ग ने जानकारी दी कि समिति की ओर से मोहाली शहर में पिछले कई साल से गौ ग्रास एकत्र करने के लिए 11 रेहड़ियों का संचालन किया जा रहा है। जिनके जरिए करीब 250 गायों का चारा प्रतिदिन गोशाला पहुंच रहा है। समिति और अधिक गौ ग्रास एकत्र करने, बीमार एवं दुर्घटनाग्रस्त गायों का इलाज करने और गोशाला पहुंचने के लिए गौ सेवा वाहन शुरू कर रही है, जिसके लिए समिति की ओर से एक विशेष मोबाइल नंबर 73802-73902 भी जारी किया गया है।