मोहाली। लांडरां-लखनौर रोड पर सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक तेज रफ्तार एंबुलेंस अनियंत्रित होकर दुकान में जा घुसी। यह हादसा उस समय हुआ जब एंबुलेंस के सामने एक स्कूटर सवार आ गया। उसे बचाते हुए एंबुलेंस अनियंत्रित होने के बाद सामने से आ रहे टेंपो (छोटा हाथी) से टकराकर दुकानों में जा घुसी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
जानकारी के मुताबिक यह हादसा उस समय हुआ जब एक एंबुलेंस लांडरां-लखनौर रोड पर बिना मरीज के जा रही थी। इस दौरान अचानक उसके सामने से एक स्कूटर सवार कट मारते हुए निकला। उसे बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार एंबुलेंस अनियंत्रित हो गई और एक टेंपो से टकराने के बाद वहां स्थित दुकानों में जा घुसी। राहत की बात यह रही कि इस हादसे के वक्त दुकानें बंद होने के कारण वहां ग्राहक नहीं थे। अगर दुकानें खुली होतीं तो जानी नुकसान भी हो सकता था।