मोहाली। सेक्टर-67 स्थित नाईपर में 21 दिसंब से दो दिवसीय प्रथम ग्लोबल एलुमनाई मीट का आयोजन किया जा रहा है। यह बैठक फार्मास्युटिकल विज्ञान और नेटवर्किंग पर केंद्रित होगी।
इस बैठक में भारत और विदेशों के प्रमुख फार्मास्युटिकल व्यवसायों और शैक्षणिक संस्थानों से लगभग 100 प्रतिनिधि भाग लेंगे। लगभग 25 प्रतिनिधि अमेरिका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और अन्य दूसरे देशों से शामिल होने आ रहे हैं। कुल 250 पीएचडी और मास्टर छात्रों ने इस कार्यक्रम के लिए पंजीकरण किया है।
इस बैठक का उद्घाटन नाईपर के निदेशक प्रो. दुलाल पांडा, डीन प्रो. केबी. टिक्कू, प्रो. एके बंसल, पूर्व छात्र संघ के अध्यक्ष डॉ. आशुतोष कुमार और नाईपर के पहले डॉक्टरेट छात्र डॉ. अनुराग सूद द्वारा किया जाएगा। इस ग्लोबल एलुमनाई मीट में वैज्ञानिक चर्चाएं, नेटवर्किंग और मनोरंजक गतिविधियां शामिल होंगी।
इसमें तीन पैनल चर्चाओं की योजना बनाई गई है। इसमें फार्मा और बायोटेक में नवाचार, हमारे पूर्व छात्र, हमारा गर्व: प्रेरणादायक यात्राएं और वैश्विक उपलब्धियां और नाइपर में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने में पूर्व छात्रों की भूमिका पर चर्चा होगी।
दूसरा दिन मनोरंजन के लिए समर्पित होगा। उसके बाद संस्थान की सामान्य सभा की बैठक और नाईपर के भविष्य और एलुमनाई नेटवर्क पर एक संगोष्ठी होगी। इस मीट का उद्देश्य पूर्व छात्र संघ की भविष्य की गतिविधियों के भविष्य के रोडमैप पर एक श्वेत पत्र प्रस्तुत करना है।