मोहाली। सेक्टर-76 से 80 तक की वेलफेयर एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों और एन्हांसमेंट संघर्ष कमेटी की बैठक सेक्टर-79 के बड़े पार्क में हुई। मीटिंग में गमाडा द्वारा लगाए गए भारी भरकम एन्हांसमेंट शुल्क के खिलाफ रणनीति तय की गई। जनरल हाउस में हिस्सा ले रहे पार्षद हरजीत सिंह भोलू ने बताया कि इससे पहले 24 अप्रैल को गमाडा कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया गया। इसमें अधिकारियों ने जल्द राहत का आश्वासन दिया था।
कई माह बीतने के बाद भी कोई कदम नहीं उठाया गया। इसके बाद 28 मई को काले झंडों के साथ मार्च किया गया, लेकिन गमाडा की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अब मीटिंग में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि 22 जुलाई को गमाडा के गेट के बाहर एक बार फिर धरना दिया जाएगा। इससे पहले शिक्षा बोर्ड चौक पर रैली के रूप में पहुंचकर ट्रैफिक को कुछ समय के लिए रोका जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि इसके बाद भी गमाडा के अधिकारी नहीं जागे, तो संघर्ष और अधिक तीखा किया जाएगा। मीटिंग में जरनैल सिंह, कृष्णा मित्तू, हरदयाल चंद, भगवंत सिंह गिल, नवजोत सिंह बाछल, कुलवंत सिंह, बलवंत राय, लखवीर सिंह, जीआर भाटिया, दयाल चंद, सुरिंदर सिंह कंग, अशोक कुमार, हाकम सिंह, मेजर सिंह आदि शामिल रहे।