मोहाली। शिरोमणि अकाली दल हलका मोहाली के मुख्य सेवक परविंदर सिंह सोहाना ने मुख्यमंत्री को एक पत्र के माध्यम से नई लैंड पूलिंग नीति में आ रही खामियों पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार ने 2025 की नई लैंड पूलिंग स्कीम को गुप्त रूप से तैयार करके छोटे भू-मालिकों का हक मारा है। सोहाना ने बताया कि नई नीति में 1 से 3 कनाल के मालिकों को कोई कॉमर्शियल प्लॉट नहीं दिया जा रहा है। इस नई नीति के तहत एक कनाल के मालिक को केवल 150 वर्ग गज का आवासीय क्षेत्र मिल रहा है, जबकि पिछली स्कीम में उसे 150 वर्ग गज के आवासीय के साथ-साथ 25 वर्ग गज का कॉमर्शियल प्लाॅट भी मिलता था।
सोहाना ने आरोप लगाया कि सरकार ने नई स्कीम में बड़े बिल्डरों को लाभ पहुंचाने के लिए छोटे भू-मालिकों के आवासीय और कॉमर्शियल हिस्से को घटा दिया गया है। नई स्कीम में कॉर्नर या पार्क फेसिंग प्लॉट पर खरीदार से अतिरिक्त राशि वसूलने की शर्त रखी गई है, लेकिन भू-मालिकों को इसका कोई लाभ नहीं दिया जा रहा। उल्टा, उनके प्लॉट की कीमत घटती जा रही है। उन्होंने यह भी मांग की है कि अगर नई स्कीम से कॉमर्शियल हिस्सा हटाया गया है, तो कम से कम तीन गुना आवासीय क्षेत्र दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने पुरानी नीति को दोबारा लागू नहीं किया तो यह किसान-विरोधी और जन-विरोधी फैसला साबित होगा।