मोहाली। शहर में नगर निगम चुनाव की जंग शुरू होने के साथ ही अकाली दल ने हलके के विधायक एवं राज्य के सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अकाली दल ने सेहत मंत्री की ओर से नियम तोड़कर शहर में लगवाए गए विकास कार्यों के होर्डिंग्स को लेकर निर्वाचन आयोग को शिकायत दी है। इसके साथ ही पत्र में यह भी लिखा है कि चुनाव आचार संहिता का यह सीधा उल्लंघन किया जा रहा है। अकाली दल के प्रदेश प्रधान सुखबीर सिंह बादल के सलाहकार एवं मोहाली जिले के सहायक प्रेक्षक चरनजीत सिंह बराड़ की ओर से यह शिकायत निर्वाचन आयोग को दी गई है।
उन्होंने चुनाव आयोग से सीधी शिकायत दी है कि कैबिनेट मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू सरेआम आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं। क्योंकि उन्हें भी अच्छी तरह पता था कि जब चुनाव घोषित होते हैं, तो किसी भी पार्टी को अपने विकास कार्यों के लिए होर्डिंग्स नहीं लगाए जा सकते। लेकिन नियमों को ताक पर रखकर यह किया गया है। ऐसा करके वह अपने भाई को चुनाव में फायदा पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। बराड़ ने चुनाव आयोग से शिकायत की है कि बलबीर सिंह सिद्धू के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और होर्डिंग्स को जल्द से जल्द शहर से हटा दिया जाए। बता दें कि निर्वाचन आयोग तक मोहाली से होर्डिंग्स संबंधी यह पहली शिकायत पहुंची है। हालांकि शहर के अधिकतर हिस्सों में अभी तक इस तरह होर्डिंग्स नहीं लगे हैं, जिस तरह से पहले लगते थे।