मोहाली। अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस फैलने के बाद एम्स मोहाली में सतर्कता बढ़ा दी गई है। अस्पताल प्रशासन इबोला संदिग्ध मरीजों के लिए विशेष वार्ड तैयार कर रहा है।
यह वार्ड चार से पांच दिनों में पूरी तरह तैयार हो जाएगा। इसके लिए छह डॉक्टरों और छह स्वास्थ्य कर्मियों की टीम तैनात की जाएगी। विदेशों से आने वाले संक्रमण लक्षण वाले लोगों पर विशेष नजर रखी जाएगी। संदिग्ध मरीज मिलने पर कोरोना की तरह जांच कर तुरंत पृथकवास में रखा जाएगा।
मेडिसिन विभाग की रितु अत्री भाटिया ने तेज बुखार और अत्यधिक कमजोरी को इबोला का मुख्य लक्षण बताया। उन्होंने कहा कि संदिग्ध को तरल पदार्थ और बुखार की दवाएं तुरंत दी जाएंगी। एमडी मेडिसिन भगवंत सिंह ने बताया कि मोहाली में कोई मामला नहीं है, पर सभी तैयारियां हो रही हैं। विदेश से आने वाले यात्रियों की यात्रा इतिहास और स्वास्थ्य की जांच पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।