लालड़ू। करीब 13 माह बाद शंभू-खनौरी सीमा से किसानों को हटाए जाने के बाद डेराबस्सी हलके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। बॉर्डर खुलने से जहां आवागमन करने वालों को जाम से राहत मिली, वहीं दूसरी तरफ किसानों में निराशा देखी गई।
गांव टिवाना में संगठन के जिला संयोजक जसविंदर सिंह टिवाना और जलालपुर में ब्लॉक सचिव हरविंदर टोनी के नेतृत्व में पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री का पुतला फूंका गया। कर्मचारी नेता स्वर्ण सिंह मावी, महिंदर सिंह सैनी, सिद्धूपुर संगठन के पवन सैनी और कांग्रेस नेता जसविंदर सिंह मलकपुर ने पंजाब सरकार के इस फैसले की कड़ी निंदा की है। इस मामले में स्थिति तब अजीब हो गई भारतीय किसान यूनियन सिद्धूपुर की स्थानीय इकाई ने 21 मार्च को अनाज मंडी से लालड़ू मंडी तक विरोध मार्च निकालने का ऐलान कर दिया। इस विरोध मार्च से पहले 20 मार्च की रात को ही पुलिस ने संगठन के स्थानीय नेताओं को गिरफ्तार कर लिया।