इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गांव दैड़ी को जाती सड़क पर स्थित पेट्रोल पंप के नजदीक बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब झाड़ियों से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव को एक पॉलीथिन में लपेटकर लिफाफे में डाला हुआ था। लोगों की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
मृतक की पहचान 52 साल के कुलविंदर सिंह के रूप में हुई है। वह पंजाब पुलिस के इंटेलीजेंस विंग में सीनियर सुपरिंटेंडेंट के पद तैनात थे। शव को मार्चरी में रखवा कर सोहाना थाने की पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। थाना सोहाना के एसएचओ दलजीत सिंह ने कहा कि पुलिस की टीमें मामले की जांच में जुटी हुई है।
आरोपियों की तलाश में कई जगह की छापामारी
थाना सोहाना के एसएचओ दलवीर सिंह गिल ने बताया कि चंडीगढ़ के सेक्टर-43 निवासी कुलविंदर सिंह मोहाली के सेक्टर-76 में सीआईडी दफ्तर में सीनियर सुपरिंटेंडेंट थे। वह अपने घर से थोड़ी ही दूर स्थित केएलसी होटल में एक पार्टी में शामिल होने गए थे। इसके बाद वह वापिस घर नहीं पहुंचे थे। उनके छोटे भाई हरचरन सिंह ने उन्हें करीब 10 बजे फोन किया तो उन्होंने सही से बातचीत की थी और कहा था कि जल्द ही वह घर आ रहे हैं।
फिर रात 11.40 बजे दोबारा फोन किया तो उनका फोन नहीं मिल रहा था। जब कई बार फोन नहीं मिला तो परिजनों ने फिर चंडीगढ़ पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इसी बीच बुधवार को सेक्टर-83ए के पास एसआर पेट्रोल पंप के पास एक राहगीर ने सर्विस रोड पर एक व्यक्ति का शव देखा। जिसको एक पॉलीथिन में लपेटा हुआ था। तो उसने तुरंत 100 नंबर पर डायल कर पुलिस को सूचना दी थी।