मोहाली। गैंगवार जैसी वारदातों के बाद अपना दबदबा बनाने के लिए गैंगस्टर और उनके शूटर व गुर्गे इंटरनेट पर सोशल मीडिया का इस्तेमाल धडल्ले से करने का चलन अब आम हो गया है। वहींं, आतंकी संगठनों और खालिस्तान समर्थकों की ओर से भारत विरोधी एजेंडा चलाने के लिए भी इंटरनेट मीडिया का सहारा लिया जा रहा है। सोशल मीडिया पर आतंकी और खालिस्तानी गतिविधियों में सक्रिय अपराधियों और गैंगस्टरों के बहुत से इंटरनेट मीडिया अकाउंट आज भी सक्रिय हैं। सोशल मीडिया पर जिन गैंगस्टरों के अकाउंट एक्टिव हैं इनमें गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई, दविंदर बंबीहा, अर्श डल्ला, राजू बिसौदी, कौशल चौधरी ग्रुप, लखवीर लंडा, गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया, काला जठेडी गैंग, नीरज बवाना ग्रुप सहित खालिस्तान के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट अपलोड करने वाले आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू तक के अकाउंट शामिल हैं।
पंजाब में सक्रिय तकरीबन हर गैंगस्टर के नाम पर कई सोशल मीडिया पर अकाउंट बने हुए हैं। भले ही गैंगस्टर जेल में बंद हैं लेकिन समय-समय पर उनके नाम के बने अकाउंट अपडेट होते हैं। कुछ अकाउंट तो विदेश से चलते हैं। जबकि कुछ यहीं से ऑपरेट हो रहे हैं। इन अकाउंट को अपडेट करने वाले कई लोग पकड़े भी गए हैं लेकिन उनके अकाउंट आज भी इंटनेट मीडिया पर एक्टिव हैं, जिन्हें साइबर पुलिस बंद करवाने का प्रयास कर रही है।
साइबर सेल का दावा, 203 अकाउंट करवाए ब्लाॅक
हालांकि, साइबर सेल, आॅपरेशन सेल और सीआईडी की संयुक्त टीमें दावा करती हैं कि इन इंटरनेट मीडिया अकाउंट की पहचान कर ली गई है और सोशल मीडिया पर गैंगस्टरों और उनके गुर्गों के सोशल मीडिया पर करीब 203 अकाउंट की पहचान कर उन्हें ब्लॉक भी करवाया गया है। इनमें अधिकतर अकाउंट वह हैं जो गैंगस्टरों का महिमामंडन करते थे। वहीं, गैंगस्टरों के विरोधी गिरोह के सदस्यों की हत्या और अन्य आपराधिक वारदातों की जिम्मेदारी आदि लेते थे। पुलिस का मानना है कि गैंगस्टरों के नाम से संचालित होने वाली आईडी के जरिए खासकर युवाओं को अपराध की ओर से खींचा जाता रहा है। लेकिन आज भी सोशल मीडिया पर गैंगस्टरों के अकाउंट एक्टिव हैं जो अपने विरोधी ग्रुप के सदस्यों की हत्या के बाद तुरंत सोशल पेज पर पोस्ट अपडेट कर देते हैं।
कुछ गैंगस्टरों के गुर्गों ने की ग्रुप में जुडने की अपील
सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे ग्रुप हैं जो लोगों से अपील कर रहे हैं कि वह उनसे संपर्क करें। सोशल मीडिया पर एक बंबीहा ग्रुप ने पोस्ट डालकर कहा कि अगर किसी भी भाई को किसी तरह की प्रॉब्लम हो तो वह उनके बनाए गए ग्रुप को जाॅइन कर उन्हें मैसेज करें वह उनके साथ हैं। यह ग्रुप चार साल पहले बना हुआ बताया गया है। एक अन्य गैंगस्टर ग्रुप ने अपनी पोस्ट में लिखा हैं ऑल इंडिया डिलिवरी और अपना नंबर भी शेयर किया है।
इन नामों से बने हैं अकाउंट्स
खालिस्तान फोर्स
रिंदा ब्रिगेड
खालिस्तानी आतंकी के नाम सुखटूल सुक्खा उर्फ सुक्खा दुनेके टीम
बब्बर खालसा प्राइड ग्रुप
नीरज बवाना ग्रुप
लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप
दविंदर बंबीहा (शूटर)
काला राणा ग्रुप
विक्की गौंडर एक सोच
कोट्स
जब हमारे पास इस तरह की कोई शिकायत आती है तो उसे तुरंत बंद करवाया जाता है। सोशल मीडिया काफी वास्ट है, हमें सो मोटो नहीं पता लगता। लेकिन जैसे ही इस तरह के अकाउंट की कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत उस फेसबुक और इंस्टाग्राम पर बने अकाउंट को बंद करवाने के लिए लिख दिया जाता है। सोशल मीडिया पर बने अकाउंट को बंद होने में एक हफ्ते का समय लग जाता है। अब तक इस तरह के कितने अकाउंट बंद करवाए इसकी जानकारी मैं अभी नहीं दे पाऊंगा। -जतिंदर चौहान, डीएसपी साइबर क्राइम, मोहाली