कुराली। शहर की सिसवां रोड पर एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार बेकाबू होकर बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मर से जा टकराई। इस हादसे में कार सवार तीन विद्यार्थी और मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में मोटरसाइकिल सवार शाहबाज और बबलू शामिल हैं। उनकी हालत गंभीर होने पर शाहबाज को मोहाली के फेज-6 अस्पताल और बबलू को चंडीगढ़ के सेक्टर-32 अस्पताल रेफर किया गया। कार में सवार सहजप्रीत सिंह, इशदीप सिंह और रंजीत सिंह ब्रुकफील्ड स्कूल के विद्यार्थी हैं। वे छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे। उनका इलाज शहर के सिविल अस्पताल में चल रहा है। हादसे के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे कार सवारों की जान बच गई। ट्रांसफार्मर गिरने से बिजली आपूर्ति बंद हो गई। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। संवाद