मोहाली। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) ने वीरवार को मार्च 2023 में करवाई जाने वाली 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए दाखिला फार्म भरने का कार्यक्रम जारी किया। बोर्ड के परीक्षा कंट्रोलर जनक राज महरोक ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि रेगुलर व ओपन स्कूल दोनों का कार्यक्रम जारी किया है। तय समय से दाखिला फार्म भरे ताकि बाद में किसी भी तरह की परेशानी न उठानी पड़े।
10वीं के लिए परीक्षा फीस प्रति विद्यार्थी 800 रुपये व प्रति प्रेक्टिकल विषय 100 रुपये तय की गई है। अतिरिक्त विषय लेने वाले विद्यार्थियों को 350 रुपये प्रति विषय भरने होंगे। 12वीं के लिए परीक्षा फीस प्रति विद्यार्थी 1200 रुपये, प्रति प्रेक्टिकल विषय 150 रुपये व प्रति अतिरिक्त विषय 350 रुपये निर्धारित की गई है। अगर कोई परीक्षार्थी परीक्षा करने के बाद अपने सर्टिफिकेट की हार्ड कॉपी लेना चाहता है तो उसे इसके लिए 100 रुपये भरने होंगे।
10वीं और 12वीं के लिए बिना किसी लेट फीस, ऑफलाइन माध्यम से फीस भरने के लिए बैंक चालान 15 सितंबर से 15 अक्तूबर 2022 तक बनाए जा सकेंगे। इसके बाद विद्यार्थी ऑफलाइन या ऑनलाइन माध्यम से 26 अक्तूबर 2022 तक फीस जमा करवा सकेंगे। फिर प्रति विद्यार्थी 500 रुपये लेट फीस के साथ 16 अक्तूबर से 26 अक्तूबर 2002 तक ऑफलाइन फीस के लिए बैंक चालान बनवाकर चार नवंबर 2022 तक ऑफलाइन या ऑनलाइन माध्यम से फीस जमा करवाई जा सकेगी। वहीं 1000 रुपये लेट फीस के साथ 27 अक्तूबर 2022 से चार नवंबर 2022 तक ऑफलाइन माध्यम से फीस के लिए बैंक चालान बनवाकर 14 नवंबर 2022 तक ऑफलाइन या ऑनलाइन माध्यम से जमा करवा सकते है। 2000 रुपये लेट फीस के साथ ऑफलाइन माध्यम से पांच नवंबर से 14 नवंबर तक चालान बनवाकर 24 नवंबर 2022 तक ऑफलाइन या ऑनलाइन माध्यम से फीस जमा करवाई जा सकेगी।
ऐसे कर पाएंगे विद्यार्थी भुगतान
फीस जमा करवाने संबंधी हिदायतें स्कूल की लॉगिन आईडी पर उपलब्ध रहेगी। परीक्षा फीस ऑफलाइन बैंक चालान के माध्यम से और ऑनलाइन गेटवे, क्रेडिट कार्ड, डेबिड कार्ड या नेट बैंकिंग के माध्यम से भरी जा सकती है। ऑफलाइन बैंक चालान जनरेट करने की आखिरी तिथि के बाद दोबारा चालान जनरेट नहीं किया जा सकेगा। इस समय केवल ऑनलाइन गेटवे के माध्यम से ही फीस जमा हो सकेगी। ओपन स्कूल प्रणाली से संबंधित परीक्षा फार्म और परीक्षा फीस जमा होने की तिथि के 10 दिनों के अंदर जिला स्तर पर स्थित क्षेत्रीय दफ्तरों या मुख्य दफ्तरों में जमा करवानी जरूरी होगी।