मोहाली। कोरोना के नए स्वरूप ओमिक्रॉन से लोगों को बचाने के लिए एक ओर केंद्र सरकार की ओर से देशभर में तीन जनवरी से 18 साल से कम उम्र वाले किशोरों का टीकाकरण करने को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। दूसरी ओर, जिला प्रशासन द्वारा इसको लेकर विभाग के अधिकारियों के साथ बैठकें कर ली गई हैं, लेकिन अधिकारिक आदेश न होने की वजह से अभी बच्चों के टीकाकरण को लेकर संशय बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के नाम संबोधन में आगामी 3 जनवरी से 15 से 18 वर्ष तक के किशोरों का टीकाकरण की घोषणा की थी, जिसके बाद राज्यों ने अपने स्तर पर टीकाकरण ड्राइव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई। जबकि वीआईपी जिला मोहाली में भी तय आयु वर्ग के किशोरों का टीकाकरण किया जाना है, जिसके लिए प्रशासन ने अपनी तैयारियां प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद शुरू कर दी थी और अलग-अलग विभाग के अधिकारियों के साथ बैठकों में वेक्सीनेशन ड्राइव को लेकर समीक्षा की जा चुकी है। दूसरी ओर, अधिकारियों द्वारा बैठक के जरिए वो सुझाव दिए जा चुके हैं, जो वेक्सीनेशन ड्राइव के दौरान स्थिति को देखते हुए लागू किए जा सकेंगे।
जानकारी के मुताबिक, वीआईपी जिला में किशोरों की जानकारी को लेकर शिक्षा विभाग से संपर्क साधा गया है। जिससे प्रशासन को पता चल सके कि जिले में कितने किशोरों का टीकाकरण होना है। दूसरी ओर, शिक्षा विभाग से डाटा मिलने के बाद टीकाकरण की डोज को लेकर ऑर्डर दिया जा सके। इसके साथ ही टीकाकरण ड्राइव के दौरान किशोरों को किसी तरह की परेशान न हो, इसको लेकर अधिकारियों द्वारा मिलने वाले सुझावों पर मंथन अभी जारी है।
डीसी डॉ. ईशा कालिया ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से आगामी 3 जनवरी से 15 से 18 वर्ष तक के किशोरों के टीकाकरण को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बस अब उन्हें सिर्फ अधिकारिक आदेश का इंतजार है। इसके बाद विभाग की टीमों को आदेश देकर टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा।