मोहाली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डिप्टी कमिश्नर एवं जिला चुनाव अधिकारी कोमल मित्तल के निर्देशों पर गठित नोडल टीमों की समीक्षा बैठक शुक्रवार को जिला उप चुनाव अधिकारी एवं अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर गीतिका सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी जिम्मेदारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। जिला राजस्व अधिकारी हरविंदर सिंह हुंदल को विधानसभा स्तर के मास्टर ट्रेनरों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के प्रशिक्षण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के लिए कहा गया। अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षित बीएलओ मतदाताओं को फॉर्म भरने और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
प्रशासन की ओर से व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। इसके तहत स्कूलों, कॉलेजों, सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवकों और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। साथ ही मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का कार्य भी निर्धारित समय में पूरा किया जाएगा।
गीतिका सिंह ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
एसआईआर कार्यक्रम की प्रमुख तिथियां
15 से 24 जून: प्रशिक्षण, तैयारी और प्रिंटिंग कार्य
25 जून से 24 जुलाई: बीएलओ द्वारा घर-घर सर्वेक्षण
24 जुलाई तक: मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का कार्य
3 अगस्त 2026: प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन
3 अगस्त से 2 सितंबर: दावे और आपत्तियां प्राप्त होंगी
1 अक्तूबर 2026: अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।