मोहाली। एडीसी (शहरी विकास) अनमोल सिंह धालीवाल ने वीरवार को जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स में जिले की सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर नगर परिषदों और नगर पंचायतों के अधिकारियों के साथ सफाई व्यवस्था, विकास कार्यों, सफाई और सीवरेज की समस्याओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सफाई में लापरवाही के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति को दोहराते हुए अधिकारियों को शहरी क्षेत्रों में सड़कों की नियमित सफाई करवाने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से सड़कों की मरम्मत, मुख्य सड़कों पर यातायात के स्तर और सड़कों की सफाई से संबंधित शिकायतों पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा। साथ ही सड़क सफाई के लिए समितियों का गठन करने को कहा, जिससे नामित अधिकारी अपने क्षेत्र में सफाई पर विशेष ध्यान दे सकें और पता चले कि यह सड़क किस अधिकारी के अधिकार क्षेत्र में आती है। हर सड़क की सफाई के लिए कोई न कोई अधिकारी जिम्मेदार होना चाहिए।
इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त ने जिला की नगर परिषदों के कार्यकारी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सीवरेज निकासी/लीकेज की ओर विशेष ध्यान दें ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने शहर में खुले या टूटे हुए मैनहोल को ढकने के लिए भी कहा, जिससे किसी अप्रिय घटना का सामना न करना पड़े। लंबित कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। इस बैठक के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि अगर कार्य करने में कोई कठिनाई हो तो उनके ध्यान में लाया जाए।
कूड़ा हटाकर पौधे लगाने के निर्देश
एडीसी ने इस मीटिंग के दौरान अधिकारियों से कहा कि शहर के महत्वपूर्ण स्थानों से कूड़ा डंपिंग सेकेंडरी पॉइंट (कूड़ा निपटान पॉइंट) हटाए जाएं और वहां पर सफाई करने के बाद पौधे लगाए जाएं। जिससे वह जगह सुंदर दिख सके और कूड़े की समस्या भी हल हो सके।