मोहाली। पंजाब ट्रेवल प्रोफेशनल्स रेगुलेशन एक्ट-2012 की धारा 6 (1) (ई) के तहत कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीसी) गीतिका सिंह ने जिमपैब एजुकेशन सर्विस और फास्टवे-1 फर्म का लाइसेंस रद्द कर दिया है। एडीसी ने बताया कि जिमपैब एजुकेशन सर्विस फर्म का दफ्तर देसूमाजरा खरड़ (सन्नी एनक्लेव) में है, जिसके मालिक परमजीत कौर निवासी गांव खानपुर तहसील चमकौर साहिब, जिला रूपनगर को आइलेट्स कंसल्टेंसी और कोचिंग संस्थान के लिए वर्ष 2019 में लाइसेंस जारी किया था, इसकी समय अवधि 26 अगस्त 2024 को समाप्त हो गई थी।
इस संबंधी उप-मंडल मजिस्ट्रेट खरड़ की जांच रिपोर्ट के अनुसार जिमपैब एजुकेशन सर्विस फर्म का कार्यालय बंद कर दिया गया था। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि फर्म के संबंध में उपरोक्त स्थिति के आधार पर लाइसेंसधारी की ओर से एडवाइजरी के अनुसार समय पर मासिक रिपोर्ट और विज्ञापनों से संबंधित जानकारी नहीं भेजने के कारण फर्म को पंजाब ट्रेवल प्रोफेशनल रेगुलेशन एक्ट-2012 की धारा 6(1)(ई) के प्रावधानों के तहत उल्लंघन करते पाया गया है, जिस पर कार्रवाई करते हुए फर्म का लाइसेंस रद्द कर दिया।
वहीं, दूसरी ओर फास्टवे-1 कंसल्टेंसी फर्म का लाइसेंस भी रद्द कर दिया गया है। इस फर्म के मालिक अरबाज खान को कंसल्टेंसी के लिए लाइसेंस वर्ष 2023 में जारी किया गया था, जो 28 अप्रैल 2028 तक वैध है। फर्म से मासिक रिपोर्ट और उक्त अधिनियम की धारा 7 के तहत उनके व्यवसाय के संबंध में दिए गए विज्ञापनों और सेमिनारों के बारे में जानकारी मांगी गई थी, लेकिन अब तक लाइसेंसधार ने लाइसेंस जारी करने के बाद से मासिक रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की है, इस कारण उक्त फर्म का लाइसेंस भी रद्द कर दिया गया है।