मोहाली। पंजाबी फिल्म अभिनेत्री हिमांशी खुराना को दस करोड़ रुपये की रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। विदेश में बैठे एक नामी गैंगस्टर ने यह धमकी दी है। मोहाली पुलिस ने अभिनेत्री की शिकायत पर थाना सोहाना में मामला दर्ज कर लिया है। अभिनेत्री लांडरां रोड पर एमार सोसाइटी में रहती हैं।
एसपी (जांच) सौरव जिंदल ने बताया कि हिमांशी खुराना को उनकी आधिकारिक ईमेल आईडी पर यह धमकी भरा संदेश मिला है। इस ईमेल के साथ एक वॉयस नोट भी भेजा गया है। यह विदेश में बैठे एक नामी गैंगस्टर से संबंधित बताया जा रहा है। आरोपी ने अभिनेत्री से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की है। रंगदारी न देने पर जान से मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है। पुलिस अब इस ईमेल और वॉयस नोट की डिजिटल फुट प्रिंट्स खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह ईमेल किस देश या आईपी एड्रेस से भेजा गया है। क्या इसमें वास्तव में किसी बड़े गैंगस्टर का हाथ है या यह किसी शरारती तत्व की हरकत है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा के लिहाज से मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को बेनकाब किया जाएगा।