मोहाली। शहर में उस वक्त सनसनी फैल गई जब उबर एप से बुक की गई कैब में सवार एक युवती को फर्जी ड्राइवर ने न केवल छेड़छाड़ का शिकार बनाया बल्कि तेज आवाज में अश्लील गाने बजाकर रास्ता बदल दिया। गनीमत रही कि युवती ने सूझबूझ दिखाते हुए पिता को लाइव लोकेशन भेजी और बड़ी वारदात टल गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि असली कैब तो 175 किमी दूर बरनाला के दुआला गांव में खड़ी थी।
काम से लौट रही थी युवती, कैब में बैठी बिना नंबर चेक किए
औद्योगिक क्षेत्र फेज-8बी में नौकरी करने वाली युवती ने शाम को घर लौटने के लिए उबर एप से कैब बुक की। कैब आते ही वह बिना नंबर मिलाए उसमें सवार हो गई। चलते ही ड्राइवर ने तेज वॉल्यूम पर अश्लील गाने बजाने शुरू कर दिए।
विरोध किया तो भड़का ड्राइवर
युवती ने आवाज कम करने को कहा तो ड्राइवर अश्लील टिप्पणियां करने लगा। उसने मनमाने ढंग से एप पर ड्रॉप लोकेशन बदल दी। डरी-सहमी युवती ने तुरंत पिता को फोन लगाया और लाइव लोकेशन शेयर की। ड्राइवर को बात का अहसास हुआ तो उसने एयरपोर्ट रोड के सुनसान इलाके में युवती को उतारकर कैब लेकर फरार हो गया।
पिता ने वीडियो कॉल पर दुकान देखकर गूगल से ट्रेस की लोकेशन
वीडियो कॉल के दौरान पिता ने स्क्रीन पर दुकान का बोर्ड देखा और गूगल सर्च से लोकेशन पता कर ली। उन्होंने तुरंत एक दुकानदार को लोकेशन भेजी और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस व पिता मौके पर पहुंचे और युवती को बरामद कर लिया।
असली कैब बरनाला में
पुलिस ने उबर एप की डिटेल्स निकाली तो हक्के-बक्के रह गए। कंपनी रिकॉर्ड के मुताबिक बुक की गई कैब और ड्राइवर बरनाला जिले के दुआला गांव में खड़े थे। ड्राइवर ने वहां से कैब की फोटो भी भेजी। सवाल उठता है कि मोहाली में युवती को ले जाने वाला शख्स आखिर था कौन?
पुलिस की तकनीकी जांच तेज, फर्जीवाड़े की आशंका
पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मोहित अग्रवाल ने बताया कि शिकायत मिलते ही थाना टीम मौके पर भेजी गई। एप रिकॉर्ड, जीपीएस डेटा और कंपनी लॉग की तकनीकी जांच चल रही है। फर्जी ड्राइवर या वाहन की पहचान जल्द कर ली जाएगी। शहरवासियों ने मांग की है कि ऑनलाइन कैब बुकिंग में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि ऐसी वारदातें दोबारा न हों।