करंट से कुत्ते की मौत के मामले में आरोपी पुलिसकर्मी फरार
- सेक्टर-23 निवासी की शिकायत पर क्रूएलिटी विद एनिमल एक्ट के तहत केस दर्ज
- घटना से एक दिन पहले परिवार समेत बाहर गया था आरोपी, पुलिस तलाश में जुटी
चंडीगढ़। सेक्टर-23 में एक स्ट्रीट डॉग (लावारिस कुत्ते) की करंट लगने से मौत के मामले में सेक्टर-17 थाना पुलिस ने आरोपी मकान मालिक पुलिसकर्मी रणधीर सिंह के खिलाफ क्रूएलिटी विद एनिमल एक्ट-1960 और 336 आईपीसी के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने यह मामला सेक्टर-23 के ही रहने वाले कस्तूरी लाल की शिकायत पर दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी पुलिसकर्मी की रैंक और पोस्टिंग का फिलहाल पता नहीं चल सका है। हरियाणा पुलिस मुख्यालय और हाउस अलॉटमेंट कमेटी से उक्त मकान मालिक की जानकारी ली जा रही है। दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सेक्टर-23 के मकान नंबर 1255 में रविवार को एक लावारिस कुत्ता बेसुध हालत में मिला था। उसके मुंह में तार लिपटी हुई थी। यह देख आसपास के लोग इकठ्ठे हुए। इसी दौरान एक शख्स जब कुत्ते के मुंह में फंसी कटीली तारों को निकालने लगा, तो उसे भी करंट का झटका लगा। करंट का झटका लगने से लोग पीछे हट गए। लोगों को शक हुआ कि ये जानबूझ कर किया गया। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच की तो पाया कि तार घर के अंदर जा रही थी। घर के अंदर से ही करंट दिया गया था। पुलिस ने कुत्ते के शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में पता चला कि कुत्ते की मौत करंट के कारण से ही हुई है। मामले में हरियाणा पुलिस के आरोपी पुलिसकर्मी को कुत्ते की बेरहमी से हुई मौत का जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। आरोप है कि आरोपी ने अपने घर के बाहर बिजली के तार में करंट छोड़ रखा था। इस तार की चपेट में आने से कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस आरोपी की वर्तमान लोकेशन पता करने में जुटी
बताया जा रहा है कि रणधीर सिंह के लॉन में कुत्ते गंदगी फैलाते थे, जिस कारण उसने बिजली के तार लटकाकर उसमें करंट छोड़ दिया, ताकि जो भी कुत्ता वहां आए, उसकी करंट से मौत हो जाए। हालांकि घटना के बाद कुछ लोगों से फोन पर की गई बातचीत के दौरान उसने खुद को निर्दोष बताते हुए केस में झूठा फंसाए जाने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि वह घटना वाले दिन के पहले से ही छुट्टी पर शहर से बाहर गया हुआ था इस दौरान घर बंद था बिजली का तार कैसे अंदर से बाहर आया उसे नहीं पता। पुलिस आरोपी की पोस्टिंग और उसकी वर्तमान लोकेशन पता करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।