कुराली। नजदीकी गांव में सात साल की मासूम बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के बाद पुलिस अभी तक आरोपी का कोई सुराग लगाने में नाकाम है। बेशक पुलिस लगातार आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है, लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। वहीं, दूसरी ओर बच्ची की हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है, लेकिन वह अभी भी पुलिस को बयान देने की हालत में नहीं है। इस कारण पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में देरी हो रही है। दरअसल शुक्रवार को एक सात साल की बच्ची के साथ मारपीट कर दुष्कर्म किया गया। जो गंभीर हालत में अस्पताल में उपचाराधीन है। यहां पर डॉक्टरों ने बच्ची की हालत पहले से ठीक बताई है। लेकिन बच्ची अभी भी बयान देने की हालात में नहीं है। डॉक्टर लगातार उस पर नजर बनाए हुए हैं और बच्ची के बयान देने के बाद ही आरोपी की पहचान होने की संभावना है। वहीं, सिंघ भगवंतपुर थाना के इंचार्ज योगेश कुमार ने बताया कि उन्होंने अलग-अलग टीमें बनाई हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस घिनौने काम को अंजाम देने वाले आरोपी का सुराग लगाया जा रहा है।