जीरकपुर। लैप लोन (लोन अगेंस्ट प्रॉपर्टी) बंद करवाने के नाम पर एक व्यक्ति से 22 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान अरूप भट्टाचार्य निवासी सैनी विहार बलटाना, नजदीक मस्जिद वाली गली के रूप में हुई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस को शिकायत में अमरीक सिंह निवासी मकान नंबर 1620, रडी मोहल्ला, नजदीक सुभानी बिल्डिंग, लुधियाना ने बताया कि अरूप भट्टाचार्य ने उसका लैप लोन बंद करवाने के नाम पर उससे 22 लाख रुपये तो ले लिए, लेकिन उसका लोन बंद नहीं करवाया। जब उसे ठगी का पता चला तो उसने 26 जून, 2020 को एसपी मोहाली को उसके खिलाफ शिकायत दी थी। जब पुलिस ने जांच शुरू की तो आरोपी ने अमरीक सिंह को कानूनी कार्रवाई रोकने के लिए कहा और एसपी मोहाली के ऑफिस में लिखित में राशि चुकाने के लिए कहा। इस दौरान आरोपी ने उसे 4-4 लाख के दो और 5 लाख रुपये का एक पीडीसी (पोस्ट-डेटेड-चेक) एसपी दफ्तर में दिया था। इसके अलावा 5 लाख रुपये का चेक अलग से दिया था। इस तरह आरोपी ने उसे 18 लाख रुपये के चेक दिए थे। जब उसने यह चेक लिखी गई तारीखों में बैंक में लगाए तो सभी बाउंस हो गए। अमरीक सिंह ने कहा कि आरोपी ने चेक पर हस्ताक्षर गलत किए थे।
इस बारे में जब उसने अरूप भट्टाचार्य को कहा तो उसने कहा कि वह कार्यवाही न करें और उसे थोड़े-थोड़े करके पूरे पैसे लौटा देगा। अमरीक सिंह ने पुलिस को बताया कि उसे दो साल में सिर्फ 4.50 लाख रुपये ही वापस किए हैं और आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया है। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी-420 के तहत केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।