मोरिंडा रोड पर बन रहे बाईपास के लिए खोदी गई सड़क में बाइक सवार युवक की गिरने से मौत हो गई। मृतक के परिवार के सदस्यों ने सड़क बना रही कंपनी को जिम्मेदार ठहराते हुए मामले की जांच की मांग की है। जानकारी के अनुसार, शहर के वार्ड-2 निवासी सर्बजीत सिंह (27) मंगलवार रात बाइक से मोरिंडा से कुराली की ओर आ रहा था। इस दौरान वह गांव ध्यानपुरा के पास बाईपास बना रही कंपनी द्वारा खोदे गड्ढे में बाइक सहित गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप में घायल हो गया। उसको गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में पुलिस ने धारा 174 की है। पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।
क्या कहते हैं परिवार वाले
मृतक सर्बजीत के चाचा रतन सिंह और अन्य परिवार के सदस्यों ने इस हादसे के लिए बाईपास बना रही कंपनी के प्रबंधकों को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि कंपनी की ओर से लोगों की सुरक्षा के लिए सही प्रबंध नहीं किए जाने कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने कहा कि मोरिंडा रोड से हजारों वाहन रोज निकलते हैं। उनका कहना है कि सड़क खोदने से पहले आरजी दीवार बनाई जानी चाहिए थी, लेकिन कोई सुरक्षा प्रबंध नहीं किए गए। इस कारण ही उनका नौजवान बेटा गहरे गड्ढे में गिरा है। उन्होंने नेशनल हाईवे अथॉरिटी, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों से इस संबंध में जांच और कार्रवाई की मांग की है।
क्या कहते हैं अधिकारी
इस संबंध में जब बाईपास बना रही कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर गुरिंदर पाल सिंह के साथ बात की गई तो उन्होंने बाईपास वाली जगह पर सुरक्षा प्रबंध पूरे होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि कंपनी ने नियमों के अनुसार सुरक्षा प्रबंध पूरे किए गए है।