मोहाली। मैं अपने घर में आधी नींद में थी, एकदम से धमाकों की आवाज सुनाई देने लगी। मैं तुरंत ही उठी, ऐसा लगा मानो भूचाल आ गया हो। अपने घर वालों को जल्दी से जल्दी बाहर निकलने को कहने लगी। लेकिन जैसे ही मैं खुद बाहर आई तो देखा कि बिल्डिंग जमींदोज हो गई है। बिल्डिंग का मलबा पड़ा है और काफी लोग उसमें जिंदगियां तलाश रहे हैं। यह कहना है ढही हुई इमारत के करीब दो से तीन घर दूर रहने वाली सुखविंदर कौर का। सुखविंदर कौर पैंसठ वर्ष की हैं और सोहाना में रहती हैं। उन्होंने कहा कि जैसे ही मैंने यह मंजर देखा तो मेरे होश उड़ गए। सवाल कई उठने लगे, आखिर कैसे हो गया यह हादसा। जब मालूम किया तो पता चला कि खोदाई हो रही थी और सारा हादसा खोदाई के कारण ही हुआ।
बिल्डिंग मालिक पर केस दर्ज
एसएसपी दीपक पारीक ने बताया कि साहिबजादा अजीत सिंह नगर पुलिस ने बिल्डिंग मालिक परविंदर सिंह और गगनदीप सिंह निवासी चाओ माजरा के खिलाफ शनिवार रात को सोहाना पुलिस स्टेशन में बीएनएस की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खोदाई की अनुमति आरोपियों के पास नहीं थी। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है। दोनों आरोपी वारदात के बाद से फरार बताए जा रहे हैं।
अवैध रूप से चल रहे थे पीजी और जिम
मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि यहां अवैध रूप से पीजी का संचालन किया जा रहा था। बिजली निगम के अधिकारियों समेत अन्य विभागों को लिखा जाएगा कि इन के पास किस किस सुविधा की अनुमति थी। फिलहाल यहां कितने लोग पीजी में रह रहे थे इसकी जानकारी पुलिस जुटाने का प्रयास कर रही है।