मोहाली। परिवार को सुनहरा भविष्य देने का सपना लेकर कनाडा गया अभिषेक लाश बनकर लौटा। इकलौते सहारे की लाश देख परिवार के आंसू थम नहीं रहे थे। बता दें कि कनाडा में एक सड़क दुर्घटना में 23 साल के अभिषेक की मौत हो गई। इसके बाद मोहाली की संस्था हेल्पिंग हैपलेस और कनाडा में बसे पंजाबियों के सहयोग से अभिषेक के शव को भारत लाकर रविवार को गांव में उसका अंतिम संस्कार किया गया।
जानकारी के अनुसार हरियाणा के रादौर के अभिषेक को कुछ समय पहले परिवार ने अपना सब कुछ दांव पर लगाकर बेहतर भविष्य की उम्मीद में कनाडा भेजा था। अभिषेक भी वहां दिन-रात मेहनत करके पैसे कमा रहा था पर किस्मत ने पासा पलटा और वहां एक सड़क दुर्घटना में उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत के बाद कर्ज में डूबे परिवार के पास उसकी लाश लाने तक के पैसे नहीं थे। इस दौरान कनाडा में ही रहने वाली अभिषेक के गांव रादौर की महिला दविंदर पाल कौर ने मोहाली की हेल्पिंग हैपलेस संस्था से मदद मांगी तो संस्था की संचालक अमनजोत कौर रामूवालिया ने कनाडा में संस्था की प्रतिनिधि रूपिंदर कौर से संपर्क करके अभिषेक के शव को वापस भेजने में मदद करने के लिए कहा। इस काम में वहां पढ़ाई कर रहे पंजाबी छात्राओं ने भी इस काम में पूरा सहयोग दिया। इन सभी ने फ्लीटवुड के एमएलए जगरूप बराड़ से संपर्क किया तो उन्होंने अभिषेक का शव भारत भेजने में संस्था का सहयोग करते हुए इस काम को पूरा करवाया। कनाडा में रह रहे पंजाबियों ने भी इस काम में आर्थिक सहयोग दिया।