मदुरै में नॉर्थ जोन-II की टीम ने हासिल किया तीसरा स्थान
मोहाली। मोहाली के युवा क्रिकेट खिलाड़ी अभिराज सिंह राणा ने सीबीएसई अंडर-14 नेशनल क्रिकेट चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर शहर का नाम रोशन किया है। तमिलनाडु के मदुरै में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अभिराज नॉर्थ जोन-II की टीम का हिस्सा रहे। टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया।अभिराज सेक्रेड सोल्स स्कूल के छात्र हैं। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न जोन की टीमों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबलों के बीच नॉर्थ जोन-II के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल भावना और प्रदर्शन का परिचय देते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। टीम की इस उपलब्धि के साथ अभिराज को भी कांस्य पदक मिला। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में भाग लेना अभिराज के लिए महत्वपूर्ण अनुभव रहा। उन्हें देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ खेलने और अपनी क्रिकेट प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। अभिराज की इस उपलब्धि पर सेक्रेड सोल्स स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सफलता अभिराज को भविष्य में क्रिकेट के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।