फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mohali News: वार्ड-6 में आप के डॉ. सन्नी आहलुवालिया की बड़ी जीत

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
मोहाली। नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर-6 का मुकाबला सबसे चर्चित सीटों में शामिल रहा। यहां आम आदमी पार्टी के हैवीवेट उम्मीदवार डॉ. सन्नी सिंह आहलुवालिया ने पूर्व पार्षद मनजीत सेठी को हराकर अहम जीत दर्ज की। हाई-प्रोफाइल मानी जा रही इस सीट पर जीत के बाद आप समर्थकों में जश्न का माहौल देखने को मिला। वार्ड नंबर-6 में शुरू से ही कांटे की टक्कर मानी जा रही थी। एक ओर आम आदमी पार्टी ने डॉ. सन्नी आहलुवालिया जैसे मजबूत चेहरे को मैदान में उतारा था, वहीं दूसरी ओर पूर्व पार्षद मनजीत सेठी अपने राजनीतिक अनुभव और क्षेत्र में पकड़ के दम पर चुनाव लड़ रहे थे। मतगणना पूरी होने के बाद डॉ. आहलुवालिया ने बढ़त बनाए रखते हुए जीत अपने नाम कर ली।

नगर निगम चुनाव में पुराने चेहरों पर फिर जताया भरोसा
मोहाली। नगर निगम चुनाव में इस बार कई पुराने और अनुभवी चेहरे एक बार फिर जीत दर्ज कर निगम पहुंचने में सफल रहे। चुनाव परिणामों ने साफ कर दिया कि कई वार्डों में मतदाताओं ने विकास कार्यों और पुराने राजनीतिक संबंधों को ध्यान में रखते हुए दोबारा भरोसा जताया। वार्ड नंबर-12 से अनुराधा आनंद, वार्ड नंबर-37 से बलजीत कौर, वार्ड नंबर-42 से सरबजीत सिंह समाना, वार्ड नंबर-18 से नरपिंदर सिंह रंगी, वार्ड नंबर-21 से राज रानी जैन और वार्ड नंबर-27 से परविंदर कौर ने दोबारा जीत दर्ज की। इसके अलावा वार्ड नंबर-13 से कुलदीप कौर धनोआ, वार्ड नंबर-31 से अरुणा शर्मा, वार्ड नंबर-33 से गुरप्रीत कौर, वार्ड नंबर-34 से सुखदेव सिंह पटवारी, वार्ड नंबर-14 से कमलप्रीत सिंह बन्नी और वार्ड नंबर-29 से रमनप्रीत कौर भी जीत हासिल कर फिर से निगम पहुंचे हैं। वार्ड नंबर-1 से चरणजीत कौर की जीत भी चर्चा में रही। इससे पहले उनके पति पार्षद रह चुके हैं और इस बार परिवार ने अपनी राजनीतिक पकड़ बरकरार रखते हुए सीट अपने नाम की। वहीं वार्ड नंबर-15 से जतिंदर कौर ने भी दोबारा जीत दर्ज कर क्षेत्र में अपनी मजबूत मौजूदगी साबित की।
विज्ञापन


नगर निगम चुनाव में पारिवारिक समीकरण भी रहे चर्चा में
मोहाली। नगर निगम चुनाव परिणामों में इस बार राजनीतिक मुकाबले के साथ-साथ पारिवारिक समीकरण भी चर्चा का विषय बने रहे। आम आदमी पार्टी से पति-पत्नी की जोड़ी ने जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस से मां-बेटे की जोड़ी चुनाव जीतकर निगम पहुंची। आम आदमी पार्टी से वार्ड नंबर-3 से गुरमीत कौर और वार्ड नंबर-4 से उनके पति हरविंदर सिंह ने जीत हासिल की। दोनों की एक साथ जीत के बाद पार्टी समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। वहीं कांग्रेस से वार्ड नंबर-20 से गौरव जैन और वार्ड नंबर-21 से उनकी मां राज रानी जैन ने जीत हासिल कर सुर्खियां बटोरीं। चुनाव प्रचार के दौरान दोनों ने अपने-अपने वार्डों में सक्रिय प्रचार किया था और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था। राज रानी जैन लगातार चौथी बार पार्षद चुनी गई हैं।
विज्ञापन


फेज-7 में टूटा सिद्धू परिवार का दबदबा
मोहाली। नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर-10 का मुकाबला सबसे प्रतिष्ठित सीटों में शामिल रहा। यहां निर्दलीय उम्मीदवार परमजीत सिंह काहलों ने कांग्रेस उम्मीदवार कंवरबीर सिंह सिद्धू को 131 वोटों से हराकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। कंवरबीर सिंह सिद्धू पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू के बेटे और पूर्व मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू के भतीजे हैं। फेज-7 लंबे समय से सिद्धू परिवार का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। पूर्व मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू का निवास भी इसी इलाके में है और स्थानीय राजनीति में परिवार का प्रभाव लगातार देखा जाता रहा है। ऐसे में इस सीट पर मिली हार को कांग्रेस और सिद्धू गुट के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। चुनाव के दौरान वार्ड नंबर-10 में मुकाबला प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया था और कांग्रेस ने सीट बचाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। हालांकि मतगणना के बाद परमजीत सिंह काहलों की जीत ने साफ संकेत दिया कि इस बार मतदाताओं ने पारंपरिक राजनीतिक प्रभाव से हटकर मतदान किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें