मोहाली। नगर निगम चुनाव परिणामों में आम आदमी पार्टी को बढ़त मिलने के बाद अब शहर की राजनीति मेयर पद की जंग पर आकर टिक गई है। पार्टी समर्थकों में जीत का उत्साह है, वहीं दूसरी ओर मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पदों को लेकर अंदरूनी चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। चुनाव में वार्ड-6 से डॉ. सन्नी आहलुवालिया की जीत और वार्ड-42 से विधायक कुलवंत सिंह के बेटे सरबजीत सिंह समाना की जीत ने पार्टी के भीतर नए समीकरण खड़े कर दिए हैं। दोनों नेताओं की जीत को संगठन में मजबूत पकड़ के तौर पर देखा जा रहा है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि मेयर पद के लिए कई चेहरे सक्रिय हो चुके हैं और पार्टी नेतृत्व सभी पहलुओं पर मंथन कर रहा है। सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर है कि यदि मेयर की सीट महिला के लिए आरक्षित होती है तो वार्ड नंबर-5 से विजयी अरविंदर कौर का नाम प्रमुख दावेदारों में सामने आ सकता है। माना जा रहा है कि विधायक गुट उनकी दावेदारी को मजबूती से आगे बढ़ा सकता है। हालांकि पार्टी नेतृत्व फिलहाल खुलकर कुछ भी कहने से बच रहा है। इसके अलावा सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पदों के लिए भी कई पार्षद सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। जीत दर्ज करने वाले कई नए चेहरों के साथ अनुभवी नेताओं की नजर भी इन पदों पर है। संवाद