मोहाली। बड़माजरा इलाके में नए साल की रात एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। थाना बलौंगी पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज करने के बाद अब नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान अमित डड्डू निवासी सेक्टर-56 सूरज निवासी बड़माजरा के रूप में हुई है। पीड़ित अनूप (34) निवासी सेक्टर-56 चंडीगढ़ ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी का काम करता है। 31 दिसंबर की रात करीब नौ बजे वह अपनी बहन से मिलने के लिए एक्टिवा पर जुझार नगर जा रहा था। जब वह बड़माजरा ग्राउंड के पास पहुंचा तो अमित डड्डू, सूरज और उनके 4-5 अन्य साथी वहां खड़े थे।
आरोपियों ने उसकी एक्टिवा रोक ली। उसे नीचे उतारकर गाली-गलौच कर उससे मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार अमित डड्डू ने हाथ में पकड़ी बीयर की बोतल से उसके सिर पर कई वार किए, जबकि सूरज ने चाकू निकालकर उसके हाथ और पीठ पर हमला किया। अन्य आरोपियों ने ईंटों और पत्थरों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और जान से मारने की धमकियां दीं। शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गए। घायल अनूप को उसके जीजा ने सरकारी अस्पताल सेक्टर-16 चंडीगढ़ में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। इसके बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, जानलेवा हमला, आपराधिक धमकी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों की तलाश जारी है।