मोहाली। फेज-7 मार्केट में दिनदहाड़े स्नैचिंग की वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो बदमाश एक महिला से पर्स छीनकर भाग गए। पूरी घटना पास की दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसकी वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
जानकारी के अनुसार घटना दोपहर के समय की बताई जा रही है। उस वक्त बाजार में लोगों की आवाजाही सामान्य थी, लेकिन इसके बावजूद बदमाश बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर मौके से भाग गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला बाजार से गुजर रही थी। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो युवकों में से पीछे बैठे युवक ने अचानक झपट्टा मारकर महिला के हाथ से पर्स छीन लिया। झटका इतना तेज था कि महिला संतुलन खो बैठी और सड़क पर गिर गई।
गिरने से महिला को मामूली चोटें भी आई हैं। भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई इस घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और लोगों में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि व्यस्त बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस बाइक नंबर और आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।