हेलमेट सहित सिर के ऊपर से गुजरी ट्रॉली, लोगों ने पीछा किया तो वाहन छोड़ चालक भागा
संवाद न्यूज एजेंसी
डेराबस्सी। डेराबस्सी-मुबारकपुर मार्ग पर ईंटों से भरी ओवरलोड ट्राली की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय राहुल रावत निवासी शक्ति नगर, डेराबस्सी के रूप में हुई है।
दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से भाग गया। जब राहगीरों ने उसका पीछा किया तो ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क पर छोड़कर भाग गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि हादसा इतना भयानक था कि ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार सड़क पर गिर गया और रफ्तार तेज होने के कारण ट्रॉली के टायर मोटरसाइकिल सवार के सिर के ऊपर से गुजर गए। हेलमेट पहनने के बावजूद हेलमेट सहित सिर बुरी तरह कुचल गया।
ओवरलोड वाहन ले रहे लोगों की जान
लोगों ने रोष जताते हुए कहा कि क्षेत्र में दौड़ रहे ओवरलोड वाहन आए दिन लोगों की जान ले रहे हैं। प्रशासन इन पर सख्ती करने में नाकाम साबित हो रहा है। पहले खनन कार्यों में इस्तेमाल होने वाले टिप्पर मौत का दूत बने हुए थे, अब ईंटें ले जाने वाली ट्रॉलियां लोगों की जान ले रही हैं। वीरवार को दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली ईंटों से अधिक भरी थी। इन्हें चलाने वाले ड्राइवर ज्यादातर प्रवासी होते हैं, जिन्हें यातायात नियमों की जानकारी नहीं होती। अधिकतर के लाइसेंस भी नहीं होते। दुर्घटना के बाद सड़क पर जाम लग गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद यातायात बहाल कराया। मुबारकपुर पुलिस चौकी प्रभारी नाहर सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।