मोहाली। फेज-2 मार्केट में सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार द्वारा टक्कर मारने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। फेज-2 की रहने वाली महिला अपने बच्चे को ज्ञान ज्योति स्कूल से लेकर पैदल घर लौट रही थी। जैसे ही वह मार्केट क्षेत्र के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार से आई एक वरना कार (दिल्ली नंबर) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सफेद रंग की कार ने महिला को इतनी जोर से मारा कि वह सड़क पर दूर जाकर गिर गई और उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद कार चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल महिला को पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। स्थानीय लोगों ने मार्केट में बढ़ती तेज रफ्तार गाड़ियों पर चिंता जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई और नियमित गश्त की मांग की है।