मोहाली। पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में खुद को वकील बताकर रौब झाड़ने वाले एक व्यक्ति की कार से शराब और चरस बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश रंजन निवासी प्रीत कॉलोनी, किशनगढ़ थाना ढकोली के रूप में हुई है। थाना मुल्लांपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एक्साइज एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी कार से चंडीगढ़ की शराब की तस्करी कर आसपास के इलाकों में सप्लाई करता था। जांच अधिकारी दिलबाग सिंह ने बताया कि आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर सतिंदर मल्ली अपनी टीम के साथ क्षेत्र में अवैध शराब की धरपकड़ के लिए तैनात था। उन्हें सूचना मिली कि एक व्यक्ति, जो खुद को वकील बताता है, कार में चंडीगढ़ की शराब भरकर गांव बहालपुर टप्परियां बेचने जा रहा है। सूचना के आधार पर आबकारी विभाग ने पुलिस पार्टी को साथ लेकर रानी माजरा रोड से कच्चे रास्ते की ओर जाने वाली सड़क पर नाकाबंदी की। एक कार को रोककर जब तलाशी ली गई तो कार से 48 बोतल संतरा, 24 अध्धे और 244 पौव्वे बरामद हुए। यह चंडीगढ़ में बिक्री के लिए निर्धारित थे। कार के डैशबोर्ड की तलाशी के दौरान 50 ग्राम चरस भी बरामद की गई।