मोहाली। सेक्टर-110 स्थित टीडीआई सिटी में घरेलू विवाद की सूचना मिलने पर पहुंचे पुलिसकर्मी के साथ मारपीट और अभद्रता करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पुलिसकर्मी की वर्दी तक फाड़ दी और गाली-गलौज की। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस चौकी सनेटा में तैनात हेड कांस्टेबल तरलोचन पुरी ने शिकायत दी कि वह एएसआई दलवीर सिंह के साथ ड्यूटी पर था। इसी दौरान कंट्रोल रूम 112 से कॉल मिली कि सेक्टर-110 टीडीआई सिटी में एक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा है।
शिकायत के अनुसार जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो घर के बाहर सुरिंदर सिंह और उसका साथी जोगिंदर सिंह खड़े थे। आरोप है कि पुलिसकर्मी के पहुंचते ही दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अचानक उस पर हमला करने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने उसकी वर्दी को कंधे से फाड़ दिया और पीछे दौड़ पड़े। हेड कांस्टेबल ने बताया कि यदि मौके पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड गगनदीप सिंह ने मदद न की होती तो आरोपी उसके साथ मारपीट करते। इस घटना से ड्यूटी में बाधा उत्पन्न हुई और पुलिसकर्मी को अपमानित किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी सुरिंदर सिंह निवासी मकान नंबर-1808, सेक्टर-110 टीडीआई सिटी, मोहाली और जोगिंदर सिंह निवासी गांव सोहाना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 221, 115(2), 296 और 351 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है।