डेराबस्सी। अंबाला-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित पारस होटल के सामने सड़क हादसे में एक पैदल जा रहा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब एक एक्टिवा चालक ने सड़क किनारे जा रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की तफतीश कर रहे हवलदार रंजीत सिंह के अनुसार मुकेश निवासी सुखमनी कॉलेज डेराबस्सी ने बताया कि वह राज मिस्त्री का काम करता है। कल शाम वह अपना काम शक्ति नगर से खत्म करके अपने घर जाने के लिए स्लिप रोड के पास पारस होटल डेराबस्सी में खड़ा था। समय करीब छह बजे का था, थोड़ा अंधेरा हो रहा था। डेराबस्सी की तरफ से एक एक्टिवा आई जिसे एक व्यक्ति चला रहा था। उसने अपनी एक्टिवा से उसको सीधी टक्कर मार दी। इस कारण एक्टिवा का अगला टायर उसकी पैर में जोर से लगा। हादसे में उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। पैर टूटने के कारण उसे जीएमसीएच सेक्टर 32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया था। वहां से पीजीआई रेफर किया गया। वहां पैर की सर्जरी हुई है। पुलिस ने घायल व्यक्ति के बयान पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।