मोहाली। मंगलवार रात करीब 11 बजे फेज-7 में एक चलती कार में अचानक आग लग गई। कार चालक ने कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थी कि देखते ही देखते कार से लपटें उठने लगी और कार पूरी तरह से जल गई।
कार मालिक सेक्टर-88 निवासी राहुल ने बताया कि वह निजी नौकरी करता है और रात को खाना खाकर अपने घर लौट रहा था। जब वह सेक्टर-70 की ओर जाने वाली सड़क पर पहुंचा तो कार से अचानक धुंआ निकलने लगा, यह देख वह तुरंत कार से बाहर निकल गया और जैसे ही बोनट खोलकर जांच करने की कोशिश की तो तभी बोनट से आग की लपटें निकलने लगी और देखते ही देखते पूरी कार आग की चपेट में आ गई। उसकी सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर आग बुझानी शुरू की और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। लेकिन कार पूरी तरह से जल चुकी थी। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। राहुल ने बताया कि उसने पांच साल पहले कार खरीदी थी।