जीरकपुर। बलटाना स्थित हरमिलाप नगर के गेट नंबर-3 पर वीरवार शाम बाइक सवार युवक ने आग सेक रहे परिवार पर बाइक चढ़ा दी। विरोध करने पर युवक कुछ देर बाद करीब 15 साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। डंडों और घूसों से परिवार को लोगों को घायल कर दिया। एक का सिर फोड़ दिया और बगल में खड़ी कार के शीशे भी तोड़ दिए। अचानक हुए हमले से अफरा-तफरी मच गई। हमले में पति-पत्नी समेत दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान गौतम गुप्ता, उनकी पत्नी ज्योति, साले रोहित और प्रिंस के रूप में हुई है। सभी घायलों को ढकोली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमले में रोहित के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि प्रिंस का होंठ फट गया और पेट में अंदरूनी चोटें बताई जा रही हैं। गौतम गुप्ता और ज्योति को भी कई जगह चोटें लगी हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत है, भारी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गौतम गुप्ता और ज्योति अपनी बहन लता के साथ शाम के समय गेट नंबर-3 के पास अपनी दुकान के किनारे आग जलाकर हाथ सेंक रहे थे। बलटाना रेलवे फाटक की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक उन पर चढ़ गई। टक्कर के बाद ज्योति आग की चपेट में आने से बाल-बाल बची। इस पर गौतम ने बाइक सवार युवक को तेज रफ्तार से वाहन चलाने को लेकर धमकाया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि बाइक सवार युवक कुछ ही देर में 15 साथियों को लेकर लौटा और बिना कुछ कहे लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया। बीच-बचाव करने आए रोहित और प्रिंस को भी नहीं बख्शा।
पुलिस पर उठे सवाल
घटना की सूचना मिलने के बाद भी पुलिस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। इसको लेकर स्थानीय लोगों में रोष देखा गया। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस समय पर पहुंचती तो हालात इतने नहीं बिगड़ते। इस संबंध में एसएचओ सतिंदर सिंह ने बताया कि अभी मामला दर्ज नहीं हुआ है। घायलों का उपचार चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है। पीड़ितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।