जीरकपुर। जीरकपुर के एक होटल में 20 मई को चोरी की वारदात सामने आई, जिसमें एक कर्मचारी होटल के गल्ले से 16 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही होटल मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दे दी थी, साथ ही पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी थी। इसके बावजूद पुलिस ने इस मामले में एफआईआर रविवार को दर्ज की।
पटियाला रोड स्थित होटल रिवांटा के मालिक मनीष आनंद ने बताया कि वह होटल लीज पर लेकर चला रहे हैं। उनके यहां मोनू, निवासी परोला (उत्तरकाशी, उत्तराखंड), रिसेप्शनिस्ट के रूप में कार्यरत था। शिकायत के अनुसार, 20 मई की शाम करीब साढ़े 7 बजे मोनू को गल्ले से नकदी और मोबाइल चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। इस दौरान दोनों के बीच हाथापाई भी हुई, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मौके का निरीक्षण किया और चोरी की पुष्टि की। जांच में लगाए गए आरोप सही पाए गए। इसके बाद जांच अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।