डेराबस्सी। श्री गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गांव इब्राहिमपुर में श्रद्धा, उत्साह और खालसा मर्यादा के साथ भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। यह आयोजन गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा इब्राहिमपुर की प्रबंधक कमेटी द्वारा ग्रामीणों के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसमें क्षेत्र की संगत ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। नगर कीर्तन की शुरुआत गुरुद्वारा साहिब से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन छत्रछाया में हुई। पंज प्यारों की अगुवाई में निकले नगर कीर्तन में पुरुष, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। नगर कीर्तन में शामिल रागी जत्थों ने शबद-कीर्तन के माध्यम से गुरु साहिब की शिक्षाओं का संदेश दिया। वहीं ढाड़ी जत्थों ने गुरु गोबिंद सिंह जी की वीरता, बलिदान और खालसा पंथ की स्थापना से जुड़े प्रसंगों को वीर रस से भरपूर गायन के जरिए संगत तक पहुंचाया। कीर्तनियों के मधुर कीर्तन से वातावरण पूरी तरह खालसा रंग में रंगा नजर आया। नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से आरंभ होकर गांव के विभिन्न मोहल्लों और प्रमुख मार्गों से होता गुरुद्वारा साहिब में समाप्त हुआ।